Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. तकनीक के दम पर महराजगंज पुलिस ने लौटाई 105 लोगों की मुस्कान, 31 लाख के मोबाइल बरामद

तकनीक के दम पर महराजगंज पुलिस ने लौटाई 105 लोगों की मुस्कान, 31 लाख के मोबाइल बरामद

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: महराजगंज पुलिस ने आधुनिक तकनीक और सतर्क पुलिसिंग का परिचय देते हुए 105 लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये आंकी गई है।

पढ़ें :- लखनऊ में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से दो साढ़ुओं की मौत

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सीईआईआर (CEIR) पोर्टल, आईएमईआई नंबर ट्रैकिंग तथा अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से खोए हुए मोबाइल फोनों का पता लगाया गया। तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के बाद टीम ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल बरामद किए।

गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सभी मोबाइल स्वामियों को बुलाकर आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की गई तथा उनके मोबाइल फोन वापस किए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक और सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के माध्यम से आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। साथ ही लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने अथवा सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

पुलिस के अनुसार पिछले तीन महीनों में सर्विलांस टीम अब तक 307 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये है। यह उपलब्धि तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के समन्वय का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।

पढ़ें :- माफिया मुख्तार की जमीन पर बने योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट को ध्वस्त करने पहुंचा सिंचाई विभाग का दस्ता, 72 फ्लैटों की योजना पर संकट!
Advertisement