पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत–नेपाल सीमा पर बुधवार को एक बेहद गंभीर व चिंताजनक घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल के सुरक्षा बलों ने अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानवाधिकारों का उल्लंघन करते हुए सोनौली बाजार (मेन रोड) से एक भारतीय नागरिक को जबरन घसीटकर नेपाल की ओर ले जाने का प्रयास किया। घटना का वीडियो एवं प्रत्यक्ष प्रमाण स्थानीय लोगों के पास मौजूद है, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
पढ़ें :- UP Board Results 2026 : योगी सरकार ने पारदर्शिता और समयबद्धता से रचा नया मानक, परीक्षार्थी सबसे पहले इस साइट पर देख सकेंगे रिजल्ट
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि नेपाली सुरक्षा कर्मी बिना अनुमति भारतीय सीमा में घुसे और बीच बाजार से युवक को पकड़कर जबरन घसीटते हुए ले जाने लगे। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इस तरह की कार्रवाई को लोग सुरक्षा प्रोटोकॉल की खुली धज्जियां बता रहे हैं।
इसी मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजू यादव ने प्रशासन को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की है। बैजू यादव ने कहा कि नेपाल पुलिस ने न केवल सीमा नियमों का उल्लंघन किया है, बल्कि मानवाधिकारों को भी रौंदा है। उन्होंने इसे भारत की छवि और सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताया।
यादव ने पत्र में मांग की है कि दोषी सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और मजबूत प्रोटोकॉल लागू किए जाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पर तैनात सभी बलों को मानवाधिकार एवं अंतरराष्ट्रीय नियमों के पालन हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।
इस दौरान मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष विजय रौनियार, व्यापारी नेता अजय उर्फ बबलू सिंह, राजू पटवा सहित बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पढ़ें :- UP Home Guard Exam : होमगार्ड परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, एडमिट कार्ड डाउनलोड होने हुए शुरू
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की गतिविधियों को नहीं रोका गया, तो यह सीमा पर तनाव की स्थिति पैदा कर सकती है। फिलहाल, घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुँचा दी गई है और आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है