पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: धर्म छुपाकर शादी करने और बाद में पत्नी पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के गंभीर आरोप में पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता की तहरीर पर सोनौली पुलिस ने आरोपी आमिर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पढ़ें :- UP Outsourced Employees New Rules : आउटसोर्स कर्मियों के साप्ताहिक अवकाश और वेतन सुरक्षा पर योगी सरकार सख्त, जानें डिटेल
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि करीब पाँच वर्ष पहले क्षेत्र के ही युवक ने खुद को हिंदू बताकर उससे शादी की थी। बाद में संदेह होने पर उसकी वास्तविक पहचान मुस्लिम युवक के रूप में उजागर हुई, जिसके बाद पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई। आरोप है कि विवाह के बाद आरोपी आमिर तथा उसके परिजन लगातार उस पर धर्म परिवर्तन और नमाज पढ़ने का दबाव बनाते रहे।
पीड़िता ने तहरीर में यह भी बताया कि उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। जबकि आरोपी पहले से ही एक मुस्लिम महिला से विवाहित है, जिससे उसकी तीन बेटियाँ और एक बेटा है। इसके बावजूद उसने खुद को अविवाहित और हिंदू बताकर धोखे से विवाह किया।
पीड़िता का कहना है कि 28 जनवरी 2026 को आरोपी ने न्यायालय विशेष विवाह अधिकारी, महराजगंज के समक्ष आवेदन संख्या 59(1) के तहत पुनः एक अन्य हिंदू लड़की से विवाह कराने का प्रयास किया। जानकारी मिलने पर जब प्रार्थिनी ने विरोध किया, तो आरोपी आमिर ने उसके साथ मारपीट की और इस्लामिक रीति-रिवाज अपनाने का दबाव बनाया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर में पीड़िता ने बताया है कि आरोपी के सहयोग में अजमत अली उर्फ मताली निवासी सुकरौली तथा केशव पुत्र रामबेलास निवासी सुकरौली भी शामिल हैं, जो कथित रूप से लव जिहाद में उसकी मदद कर रहे हैं।
पढ़ें :- गुजरात: प्रेमी जोड़े ने पेड़ से लटक कर की खुदकुशी, महिला शादीशुदा थी
सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी आमिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।