आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गणित के एक शिक्षक की निर्ममता से हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक 50 वर्षीय शिक्षक ओमप्रकाश यादव का शव आवास विकास कॉलोनी स्थित एक कोचिंग सेंटर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले में खुलासा हुआ कि धारदार हथियार से उनका गला काटा गया था। साथ ही हत्यारे ने उनके शरीर पर कुल नौ वार किए थे।
पढ़ें :- पति की हत्या के बाद बाथरूम में दफनाया शव, 14 घंटे की पूछताछ में टूट गई पत्नी, खीर में 20 नींद की गोलीयां मिलाकर की थी हत्या
रिर्पोटों के मुताबिक, ओमप्रकाश यादव के रूप में मृतक की पहचान हुई है। वह मूल रूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद निवासी थे। वह आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-3 स्थित वीएस प्लाजा में रहते थे। जानकारी के मुताबिक, शिक्षक ओमप्रकाश यादव को आखिरी बार 2 नवंबर की रात देखा गया था। इसके बाद 6 नवंबर को कोचिंग सेंटर के अंदर उनका शव मिला।
इस मामले में पुलिस की जांच अब कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित हो चुकी है। इस मामले की जांच के दौरान शिक्षक की कॉल डिटेल में एक युवती का मोबाइल नंबर सामने आया, जिस पर उनसे लंबे समय तक बातचीत होती थी। पुलिस ने उस युवती को पूछताछ के लिए बुलाया है। 12 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को उससे पूछताछ के बाद कुछ सुराग मिले हैं। साथ ही एक टीम को आगरा से बाहर भी भेजा गया है।
रिर्पोटों के मुताबिक, कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर ‘रेपिस्ट ओपी यादव’ लिखे होने की बात भी सामने आई है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि यह हत्या के पीछे किसी व्यक्तिगत रंजिश का संकेत था या जांच को गुमराह करने की कोशिश।
हालांकि, अभी तक इस हत्याकांड में प्रेम त्रिकोण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा।