पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: उमस भरी गर्मी के बीच नौतनवा और सोनौली क्षेत्र में हुई भीषण विद्युत कटौती पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार दोपहर अपने आवास पर व्यापारियों, समाजसेवियों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ एक अहम बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए।
पढ़ें :- एक ही गोली ने ली पति-पत्नि की जान: पति के गले को चीरते हुए,पत्नि की गर्दन में लगी, पुलिस ने जताई आत्महत्या की आशंका
बीती रात दोनों क्षेत्रों में घंटों चली अघोषित कटौती से आम जनता बेहाल रही। गर्मी और उमस के कारण लोग रातभर जागते रहे, वहीं विभागीय अधिकारी संतोषजनक जवाब तक नहीं दे सके। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक ऋषि त्रिपाठी ने तीखे शब्दों में कहा—
“जनता परेशान रहे और हम चैन से बैठे रहें… मैं उन लोगों में से नहीं हूं। जनता की तकलीफ मेरी अपनी तकलीफ है।”
उन्होंने साफ निर्देश दिया कि आज से बिजली विभाग के दो अधिकारी रातभर आपूर्ति की मॉनिटरिंग करेंगे, उपभोक्ताओं की समस्याओं को सीधे सुनेंगे और उन्हें तुरंत समाधान व उचित जवाब देना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में मौजूद व्यापारियों और नागरिकों ने लो वोल्टेज, अघोषित कटौती और उपभोक्ताओं के शोषण जैसे गंभीर मुद्दे उठाए। व्यापारियों ने कहा कि लगातार कटौती से कारोबार प्रभावित हो रहा है और जनता का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है।
पढ़ें :- महंगाई,बिजली संकट और किसानों की बदहाली पर बैजू यादव का हल्ला बोल, 25 मई को विशाल प्रदर्शन
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी, व्यापारी संतोष जायसवाल, रवि वर्मा, सुभाष जायसवाल, शुभम वर्मा, किशोर मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व नागरिक मौजूद रहे। वहीं विभाग की ओर से अधिशासी अभियंता प्रकाश नेगी, एसडीओ सतीश रावत और जेई मनीष गुप्ता उपस्थित रहे।
अंत में विधायक ऋषि त्रिपाठी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में त्वरित सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके इस सख्त तेवर से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही बिजली व्यवस्था सुधरने के संकेत मिलेंगे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट