पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा नगर में जलापूर्ति से वंचित मोहल्लों को राहत देने के उद्देश्य से वार्ड संख्या 15 सरोजनी नगर में मिनी नलकूप निर्माण के लिए चल रहे बोरिंग कार्य का बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी एवं अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने स्थल पर पहुँचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्य की प्रगति देख आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पढ़ें :- 12 जिलों के एक लाख से अधिक किसानों ने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई: CM योगी
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने कहा कि मिनी नलकूप के निर्माण से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जल संकट की समस्या दूर होगी। उन्होंने बताया कि नलकूप के संचालित होने के बाद लोगों के घरों तक पर्याप्त प्रेशर के साथ निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित हो जाएगी।
अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने संबंधित विभागीय कर्मचारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय वरिष्ठ लिपिक रमाशंकर सिंह, सभासद अनिल जायसवाल, राहुल दूबे, सत्यप्रकाश, प्रमोद पाठक सहित क्षेत्र के अन्य लोग मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट