पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: महराजगंज जनपद के गठन के लगभग 35 वर्ष बाद फरेंदा को जिला और लक्ष्मीपुर ब्लॉक को तहसील बनाए जाने की मांग एक बार फिर उठी है। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव लड़ चुके किसान नेता एवं अधिवक्ता नागेंद्र प्रसाद शुक्ला ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को रजिस्टर्ड पत्र भेजकर मांग की है।
पढ़ें :- अखिलेश यादव से संजय सिंह ने की मुलाकात, AAP-सपा के बीच संभावित चुनावी गठबंधन पर सियासी हलचल तेज
नागेंद्र शुक्ला का कहना है कि जिले के कई क्षेत्रों के लोगों को अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए 50 से 80 किलोमीटर तक की दूरी तय कर जिला मुख्यालय महराजगंज जाना पड़ता है, जिससे आमजन को काफी असुविधा होती है।
उन्होंने प्रस्ताव रखा है कि सोनौली, रतनपुर, भगवानपुर, परसा मलिक, नौतनवा, अड्डा बाजार, खोरिया, एकसड़वा, कोल्हुई, लक्ष्मीपुर, पुरन्दरपुर, समरधीरा, बृजमनगंज, धानी, फरेंदा और पनियरा क्षेत्र को मिलाकर फरेंदा को नया जिला बनाया जा सकता है। साथ ही लक्ष्मीपुर ब्लॉक को तहसील का दर्जा देने की भी मांग की गई है।
अपने पत्र में उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व में बसपा सरकार ने बलरामपुर से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित श्रावस्ती को अलग जिला बनाया था। इसी आधार पर फरेंदा को भी जिला बनाया जाना न्यायसंगत होगा।
नागेंद्र शुक्ला ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ पर रजिस्टर्ड डाक से मांग पत्र भेजने के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल (आईजीआरएस) पर भी शिकायत दर्ज कर इस मांग से सरकार को अवगत कराया है।
पढ़ें :- सावन के आखिरी सोमवार को घर पर बनाएं ये स्वादिष्ट फलाहारी मिष्ठान, जानें सबसे आसान रेसिपी
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट