पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद को सौंपा। ज्ञापन नगर अध्यक्ष संतोष अग्रहरि के नेतृत्व में दिया गया।
पढ़ें :- Video-खुर्जा जंक्शन पर युवक ने लगाई मौत की छलांग, उसको बचाने के प्रयास में जीआरपी का सिपाही घायल
ज्ञापन में प्रदेश के व्यापारियों से जुड़ी छह प्रमुख मांगों को उठाते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई। व्यापार मंडल ने मांग की कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की जाए तथा आगजनी जैसी घटनाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए दुकानों का एक करोड़ रुपये तक का बीमा कराया जाए।
इसके अलावा विभिन्न विभागों में बकाया राशि अथवा रिटर्न देर से जमा करने पर लगने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत करने, सभी विभागों के लाइसेंस आजीवन मान्य करने तथा विभागीय सर्वे और छापेमारी संबंधी प्रावधानों को समाप्त करने की मांग की गई। व्यापारियों ने बिजली बिल में मीटर रीडिंग के अतिरिक्त लगाए जाने वाले फिक्स चार्ज और न्यूनतम शुल्क समाप्त करने की भी मांग उठाई।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संतोष अग्रहरि ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारी वर्ग को राहत मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की भी मांग की।
इस अवसर पर किशोर मद्धेशिया, अनिल श्रीवास्तव, वीरेंद्र जायसवाल, दिनेश वर्मा, रमेश जायसवाल, विंध्याचल मद्धेशिया, सचिन श्रीवास्तव, संतोष सहारा, संजय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
पढ़ें :- फरीदाबाद में नगर निगम के बुलडोजर ने किया, 100 से अधिक दुकानों के अवैध निर्माण को ध्वस्त
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट