पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा नगर का सबसे व्यस्त मार्ग हनुमान चौक से लेकर सेंट्रल बैंक तक इन दिनों अतिक्रमण की गिरफ्त में है। सड़क के दोनों किनारों पर दुकानदारों ने इस तरह दुकानें सजा रखी हैं कि राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल हो गया है।
पढ़ें :- मायावती ने चुनावी सर्वे को बताया FAKE, बसपा के खिलाफ साजिश रचने का आरोप
हालात इतने खराब हैं कि पैदल चलने वालों को सड़क पर जान जोखिम में डालकर चलना पड़ रहा है, जबकि दोपहिया वाहन चालक जाम और अव्यवस्था से जूझ रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी तब होती है जब आमने-सामने वाहन आ जाते हैं और सड़क पूरी तरह जाम हो जाती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई किराना दुकानदारों ने अपनी दुकानों का आधे से ज्यादा सामान सड़क पर फैला रखा है। विरोध करने पर कुछ दुकानदार अभद्रता और मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
नगरवासियों का कहना है कि प्रशासन और जिम्मेदार विभाग सब कुछ देखकर भी आंखें मूंदे हुए हैं। लगातार बढ़ते अतिक्रमण से आम जनता परेशान है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है।
लोगों ने मांग की है कि नगर प्रशासन तत्काल अभियान चलाकर सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
पढ़ें :- लखनऊ हत्याकांड: श्रद्धा दुबे की तलाश में भगवानपुर पहुंची क्राइम ब्रांच और एसओजी
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट