पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: प्रदेश में लगातार बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती एवं पेट्रोल पंपों पर डीज़ल के लिए किसानों की हो रही परेशानियों के विरोध में समाजवादी पार्टी ने सोमवार को तहसील मुख्यालय पर जोरदार धरना–प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी नवीन प्रसाद को सौंपते हुए आम जनता और किसानों की समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
पढ़ें :- डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के विमान का एक इंजन बंद, उठने लगा धुआं, जानें फिर क्या हुआ?
धरना–प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव ने किया। इस दौरान सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए जमकर नारेबाजी की।
नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। किसान डीज़ल के लिए पेट्रोल पंपों पर पूरी रात लाइन लगाने को मजबूर हैं, जिससे उनकी खेती प्रभावित हो रही है और उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।
सपा नेताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती ने आम नागरिकों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है, जबकि सरकार 24 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा करती है। गरीब एवं मजदूर वर्ग के बिजली कनेक्शन काटे जाने से असंतोष और बढ़ रहा है।
युवाओं की समस्याओं का जिक्र करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में पेपर लीक की घटना ने लाखों युवाओं के सपनों को चूर-चूर कर दिया है। प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ कर रही है।
पढ़ें :- Breaking News : यूपी में पंचायत चुनाव होने तक ग्राम प्रधान ही रहेंगे प्रशासक, सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी मंजूरी
सपाइयों ने राज्यपाल से मांग की कि बढ़ती महंगाई पर तुरंत नियंत्रण किया जाए, डीज़ल–पेट्रोल–गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और बिजली व्यवस्था को सुधारते हुए अघोषित कटौती पर रोक लगाई जाए।
धरना–प्रदर्शन में बैजू यादव, विक्रम यादव, गुल हसन, भोला यादव, बाबूलाल, जयराम पासवान, जुगेश यादव, कमलेश भारती, आलोक शर्मा, राम नारायण भारती, राजनाथ यादव, शिव अवतार यादव, रामकिशोर पासवान सहित समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट