पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नगर के सबसे व्यस्त और प्रमुख चौराहे सरदार भगत सिंह चौक, जिसे आमतौर पर अस्पताल चौराहा के नाम से जाना जाता है, पर सुबह से लेकर शाम तक जाम की समस्या बनी रहती है। इस जाम की वजह से राहगीरों सहित दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पढ़ें :- संजय निषाद ने यूपी विधान चुनाव से पहले बीजेपी को दिया अल्टीमेटम, आरक्षण पर फैसला करो, वरना दूसरा दरवाजा देखेंगे
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या का मुख्य कारण ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पार्किंग है। ये ई-रिक्शा चालक अपने वाहनों को आड़े-तिरछे और सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर देते हैं, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो जाता है और यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है।
इस चौराहे से होकर स्कूल, अस्पताल, बाजार और बस स्टेशन की ओर रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। ऐसे में यहां लगातार लगने वाला जाम न केवल असुविधा का कारण बन रहा है, बल्कि अस्पताल जाने वाले मरीजों और स्कूली बच्चों के लिए भी गंभीर समस्या उत्पन्न कर रहा है।
इस विषय में क्षेत्राधिकारी नौतनवा जयप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि,”जाम की समस्या को गंभीरता से लिया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और ई-रिक्शा चालकों को नियमानुसार पार्किंग करने के निर्देश दिए गए हैं।”
स्थानीय जनता ने प्रशासन से अपील की है कि ई-रिक्शा के लिए एक नियोजित स्टैंड निर्धारित किया जाए और अतिक्रमण हटाया जाए, ताकि नगरवासियों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
पढ़ें :- Police Commemoration Day 2026 : सीएम योगी, बोले-शहीदों के प्रति राष्ट्र का ऋण कोई भी नहीं चुका सकता