पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली पर सोमवार शाम नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (APF) के आईजीपी राजू आर्याल ने पहुंचकर सीमा सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसबी इंस्पेक्टर अरुण पांडेय ने उनका स्वागत किया।
पढ़ें :- Ram Mandir Donation Theft Case : सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र, यूपी सरकार व ट्रस्ट से जवाब मांगा, SIT से मांगी स्टेटस रिपोर्ट
आईजीपी आर्याल ने सीमा पर एसएसबी द्वारा की जा रही जांच प्रक्रिया का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नेपाल की ओर से मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने एसएसबी कैंप में भारतीय सीमा के विभिन्न जांच एवं सुरक्षा एजेंसियों के साथ संयुक्त बैठक की।
बैठक में दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बढ़ाने, पगडंडी मार्गों पर संयुक्त जांच, नियमित पेट्रोलिंग और सीमावर्ती नेपाली होटलों में सघन जांच अभियान चलाने पर सहमति बनी। साथ ही सीमा पर कड़ी चौकसी बरतने के स्पष्ट निर्देश भी जारी किए गए।
सूत्रों के अनुसार, आगामी दिनों में सीमा सुरक्षा को और सशक्त बनाने के लिए एक संयुक्त कार्ययोजना लागू की जाएगी, जिससे अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित हो सके।