Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. भारत सीमा में घुसकर आरोपी को घसीट ले गई नेपाली पुलिस, मानवाधिकारों की उड़ती धज्जियां — सीमा सुरक्षा पर बड़े सवाल

भारत सीमा में घुसकर आरोपी को घसीट ले गई नेपाली पुलिस, मानवाधिकारों की उड़ती धज्जियां — सीमा सुरक्षा पर बड़े सवाल

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुधवार को ऐसी घटना सामने आई जिसने न केवल मानवाधिकारों को झकझोर दिया, बल्कि दोनों देशों की सीमा सुरक्षा और अधिकार क्षेत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। बेलहिया थाना क्षेत्र का एक आरोपी नेपाल पुलिस की पकड़ से छूटकर भारतीय सीमा के सोनौली बॉर्डर में घुस आया, जिसके बाद उसे पकड़ने के लिए दो नेपाली पुलिसकर्मी बिना अनुमति भारतीय क्षेत्र में दाखिल हो गए।

पढ़ें :- UP Board Results 2026 : योगी सरकार ने पारदर्शिता और समयबद्धता से रचा नया मानक, परीक्षार्थी सबसे पहले इस साइट पर देख सकेंगे रिजल्ट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नेपाली पुलिस के जवानों ने आरोपी युवक को भारतीय सीमा में घुसकर पकड़ा और उसे सड़क पर घसीटते हुए दोबारा नेपाल की ओर ले जाने लगे। मौके पर कुछ दूरी पर पहुंची भारतीय पुलिस ने युवक को उठवाकर खड़ा कराया, इसके बावजूद नेपाली प्रहरी उसे अपने साथ ले जाने में सफल रहे।

इस दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नेपाली पुलिस का यह रवैया साफ दिखाई दे रहा है, जिसे लोग मानवाधिकारों का खुला उल्लंघन और अंतरराष्ट्रीय सीमा नियमों की अवहेलना बता रहे हैं।

जानकारों का कहना है कि किसी भी देश की पुलिस को दूसरे देश की सीमा में घुसकर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं होता, जब तक कि दो देशों के बीच स्पष्ट समन्वय और कानूनी प्रक्रिया का पालन न किया जाए। ऐसे में यह घटना सीमा सुरक्षा तंत्र की कमज़ोरी और संवेदनशीलता दोनों को उजागर करती है।

सोनौली कोतवाल महेंद्र मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, “बेलहिया थाने का एक आरोपी युवक नेपाल पुलिस की हिरासत से भागकर भारतीय सीमा में घुस आया था। उसके पीछे नेपाल पुलिस भी आ गई थी। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।”

पढ़ें :- UP Home Guard Exam : होमगार्ड परीक्षा 25 से 27 अप्रैल तक, एडमिट कार्ड डाउनलोड होने हुए शुरू

फिलहाल दोनों देशों के प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो और बढ़ती जन-आलोचना के बाद यह मामला भारत–नेपाल सीमा पर कानून व्यवस्था और आपसी तालमेल को लेकर बड़ी बहस का विषय बन गया है।

Advertisement