पर्दाफाश न्यूज़ सोनौली महराजगंज :: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में मारे गए 28 लोगों में एक नेपाली युवक भी शामिल है। जबकि नेपाल की एक महिला घायल है। मृतक की पहचान महराजगंज सीमा से सटे नेपाल के रूपन्देही जिला के बुटवल उपनगर पालिका वार्ड 14 निवासी सुदीप न्योपाने के रूप में हुई है।
पढ़ें :- संजय निषाद ने यूपी विधान चुनाव से पहले बीजेपी को दिया अल्टीमेटम, आरक्षण पर फैसला करो, वरना दूसरा दरवाजा देखेंगे
सुदीप नेपाल में इंजीनियरिंग का छात्र था। वह अपनी मां, बहन व बहनोई के साथ शनिवार को जम्मू-कश्मीर घूमने गया था। मंगलवार को वह स्वजन के साथ पहलगाम के पर्यटकीय क्षेत्र में घूम रहा था। जहां अचानक आए आतंकवादियों ने बंदूक से हमला कर पर्यटकों को गोली मार दी।
घायल महिला की पहचान रेनू पांडेय निवासी जिला रूपन्देही के रूप में हुई है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पूरे नेपाल में भर्त्सना की जा रही है और आतंकियों द्वारा मारे गए पर्यटकों व उनके स्वजन के प्रति संवेदना व्यक्त की जा रही है।
रूपन्देही के एसपी रंजीत सिंह राठौर ने बताया सुदीप के शव को दिल्ली से गोरखपुर लाने की तैयारी है। जहां से सोनौली सीमा होते शव को बुटवल भेजे जाने की संभावना है। नेपाल प्रशासन दूतावास के संपर्क में है। दूतावास के निर्देश पर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।