New CEO of Wipro : थिएरी डेलापोर्ट के इस्तीफे के बाद विप्रो के नए सीईओ-एमडी श्रीनिवास पलिया ने 1992 में कंपनी जॉइन की थी। यहां वह कई पदों पर रहे हैं और सीईओ बनने से पहले विप्रो की अमेरिकास 1 यूनिट के सीईओ थे। उन्होंने आईआईएससी बैंगलोर से मैनेजमेंट स्टडीज में मास्टर्स और हार्वर्ड बिज़नेस स्कूल से लीडिंग ग्लोबल बिज़नेस एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम किया है। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने हार्वर्ड बिजनेस स्कूल और मैकगिल एक्जीक्यूटिव इंस्टीट्यूट में अलग-अलग कार्यक्रम में शामिल होकर अपने नेतृत्व कौशल को और आगे बढ़ाया है। श्रीनिवास 7 अप्रैल से सीईओ और प्रबंध निदेशक का पद संभालेंगे। पलिया करीब 3 दशक से विप्रो के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं। उद्योग क्षेत्र में वह श्रीनि के नाम से मशहूर हैं।
पढ़ें :- Noel Tata : नोएल टाटा वोल्टास के चेयरमैन पद से होंगे रिटायर , जानें कौन बनेगा नया चेयरमैन
डेलापोर्टे को जुलाई 2020 में विप्रो के सीईओ और प्रबंध निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह कैपजेमिनी में मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) थे। उन्होंने आबिदअली ज़ेड नीमचवाला का स्थान लिया, जिन्होंने जनवरी 2020 में “पारिवारिक प्रतिबद्धताओं” का हवाला देते हुए भारत की चौथी सबसे बड़ी आईटी सेवा फर्म से इस्तीफा दे दिया था।
विप्रो ने शनिवार को एक नियामक फाइलिंग में कहा कि डेलापोर्टे “कार्यस्थल के बाहर जुनून” को आगे बढ़ाने के लिए पद छोड़ रहे हैं।
श्रीनिवास ‘श्रीनि’ पल्लिया अपने फिटनेस को लेकर सतर्क रहते हैं और अपनी बिजनेस ट्रिप्स के दौरान अपने बैग में सबसे पहली चीज रनिंग शू जरूर रखते हैं। वह हमेशा दौड़ने, जिम में कसरत करने या टेनिस खेलने के लिए व्यस्त कार्यक्रम में से भी समय निकाल ही लेते हैं।