लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे ईशान आनंद की सियासत में एंट्री की अटकलें तेज हो गईं हैं। पहली बार वो बुआ मायावती के जन्मदिन के मौके पर उनके साथ नजर आए थे। इसके साथ से उनके राजनीति में एंट्री के कयासों ने जोर पकड़ लिया। इसके बाद गुरुवार को हुई बसपा की बैठक में भी ईशान नजर आए। वहीं, इस बैठक में मायावती और आकाश आनंद भी मौजूद रहे।
पढ़ें :- भाजपा सरकार के अब 100 से भी कम दिन हैं बचे, कभी भी हो सकता है विधानसभा चुनाव : अखिलेश यादव
आनंद कुमार के छोटे बेटे हैं ईशान
ईशान आनंद मायावती के भाई आनंद कुमार के छोटे बेटे हैं। वह आकाश आनंद के छोटे भाई हैं। ईशान ने स्कूली शिक्षा नोएडा में हासिल की। उसके बाद उन्होंने लंदन से लीगल स्टडीज की पढ़ाई पूरी की है। वह आकाश से चार साल छोटे हैं और इस समय 26 साल के हैं।
बड़े भाई आकाश की पहले ही हो चुकी है राजनीति में एंट्री
बता दें कि, आनंद कुमार के बड़े बेटे आकाश आनंद की राजनीति में पहले ही एंट्री हो चुकी है। इसी तरह 2017 में भी आकाश बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ नजर आए थे। मायावती ने उनका सभी से परिचय भी कराया था। तब से लगातार वह आकाश को राजनीति के लिए तैयार करती रहीं। उनको पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और फिर राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर बनाया। साथ ही उनको अपना उत्तराधिकारी भी घोषित किया। यही नहीं यूपी के बाहर दूसरे राज्यों में भी आकाश को जिम्मेदारी दी गयी थी। लोकसभा चुनाव के दौरान आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उनकी सभाएं रोक दी गईं। उनको अपने उत्तराधिकारी और पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर पद से हटा दिया। लोकसभा चुनाव के बाद उनको फिर से दोनों पदों पर बहाल कर दिया।