पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सावन के चौथे और अंतिम सोमवार को प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया धाम (मिनी बाबा धाम) में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पूजन सामग्री लिए हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
पढ़ें :- बिना प्याज-लहसुन की मछली वेज होती है? राजभर के बयान से सियासत गरम, कांग्रेस से पूछ लिया ये सवाल
सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
47 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में 47 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की गई। पुलिस और प्रशासनिक टीमें लगातार भ्रमण कर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, बिजली, पार्किंग, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गई थी। व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में अपेक्षाकृत सुविधा मिली।
पढ़ें :- बाढ़ और बारिश ने मचाया कोहराम, यूपी-बिहार में गंगा का रौद्र रूप, मध्य प्रदेश के 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
अंतिम सोमवार पर चरम पर पहुंची आस्था
सावन के पहले सोमवार से शुरू हुआ श्रद्धालुओं की आस्था का सिलसिला चौथे सोमवार को चरम पर पहुंच गया। पूरे सावन इटहिया धाम समेत जिले के प्रमुख शिवालयों में भक्तिमय माहौल रहा। अंतिम सोमवार को उमड़ी भारी भीड़ ने इटहिया धाम की धार्मिक महत्ता और श्रद्धालुओं के बीच इसकी गहरी आस्था को एक बार फिर सामने ला दिया।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट