Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विश्व पर्यावरण दिवस पर जनमानस ने प्रकृति संरक्षण में सहभागिता सुनिश्चित करने का लिया संकल्प

विश्व पर्यावरण दिवस पर जनमानस ने प्रकृति संरक्षण में सहभागिता सुनिश्चित करने का लिया संकल्प

By santosh singh 
Updated Date

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस पर  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लखनऊ पूरब भाग द्वारा क्षेत्र के सी. एम. एस स्कूल विशाल खण्ड के सभागार में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभी जीवों को सुगम तथा सुलभ जीवन यापन हेतु पर्यावरण की सुरक्षा एवं संवर्धन हेतु आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित जनमानस में अपने पर्यावरण के प्रति अभिरुचि की विशेष छाप छोड़ी।

पढ़ें :- IPS Transfers: यूपी में 15 आईपीएस अफसरों के हुए तबादले, तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर

कार्यक्रम में प्रकृति संरक्षण सम्बन्धी वक्तव्य के साथ अनेक गतिविधियों की प्रदर्शनी ने लोगों के मन में पर्यावरण संरक्षण की चेतना को एक चिन्तन एवं उत्प्रेरण देने का कार्य किया। उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण हेतु अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए मन से संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व वैदिक मंत्रों द्वारा हुआ। इसके पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमान (डॉ) नवीन कुमार अरोड़ा  (विभागाध्यक्ष पर्यावरण विज्ञान विभाग डा भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय लखनऊ) ने पर्यावरण सम्बन्धित आने वाली भयावह स्थिति के सम्बन्ध में चर्चा की तथा विषम परिस्थितियों से निवारण के लिए सहज उपाय भी बताया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार के अवध प्रान्त के सह पर्यावरण संयोजक  ललित श्रीवास्तव  ने पर्यावरण की आने वाली भयावह स्थिति से निपटने के लिए पर्यावरण के प्रति लोगों में जन जागरण की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में डा हरि नाथ ने e प्रजेंटेशन द्वारा पर्यावरण के बारे में बताया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि प्रशान्त भाटिया प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व  नीरजा नारी शक्ति प्रान्त संयोजिका भी अपने विचार प्रकट किये। इस अवसर पर चित्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न विद्यालयों के अनेक बच्चों ने प्रतिभाग किया। विजेता को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण विदों (अजीत प्रताप सिंह, विनोद पाण्डेय, डा भरत सिंह आदि) को सम्मानित कर कार्यक्रम के आयोजकों ने अपने आपको गौरवान्वित महसूस किया।

जन मानस में पर्यावरण के प्रति सजग चेतना जगाने वाले इस कार्यक्रम में आयोजन एवं निर्देशन के लिए लखनऊ पूरब भाग के माननीय भाग संघचालक प्रभात अधौलीया, भाग कार्यवाह ज्योति प्रकाश, सह पर्यावरण संयोजक विकास विशिष्ट उल्लेखनीय हैं। कार्यक्रम में लखनऊ विभाग के पर्यावरण संयोजक डा सुयश मिश्रा, विभाग पर्यावरण सह संयोजक अरविंद, सह भाग संघचालक अरुण के साथ अनेक गणमान्य लोगों ने सहभाग किया।

कार्यक्रम का संचालन राम दयाल मौर्या ने किया तथा वैदिक मंत्रोच्चारण आचार्य अशोक तिवारी ने बड़े ही भाव पूर्वक किया। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र शान्ति पाठ से हुआ। कार्यक्रम में सभी अतिथियों व प्रतिभागियों को अनेक प्रकार के पौधे वितरण किया गया।

पढ़ें :- 10 साल में 152 पेपर लीक, 7.5 करोड़ छात्रों की जिंदगी से खिलवाड़, ये आंकड़े नहीं ,युवाओं के लिए मौकों के बंद होते दरवाजों की दास्तां है : राहुल गांधी
Advertisement