उरई (जालौन ) । कालपी में एक युवती ने अवैध मिट्टी खनन का विरोध किया तो दबंगों ने उसे और उसके परिवार को खत्म करने तक की धमकी दे डाली। हरीगंज किला रोड निवासी शांति श्रीवास ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में खनन माफिया शिवम यादव उर्फ दाऊ और उसके गैंग पर संगीन आरोप लगाए हैं।
पढ़ें :- भाजपा करती है नकारात्मक राजनीति, छात्रों-नौजवानों के प्रति इस सरकार की नीयत साफ नहीं: अखिलेश यादव
पीड़िता का कहना है कि उसके घर के पास बने बरसाती नाले को जेसीबी से बंद किया जा रहा है, जिससे मकान गिरने का खतरा मंडरा रहा है। विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक गालियां दीं। अश्लील हरकतें कीं और खुलेआम कहा कि नाला भी बंद होगा और तेरा मकान भी गिरेगा। इतना ही नहीं, उसे अगवा करने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान 112 पर कॉल करने के बावजूद पुलिस मौके पर पहुंचकर खानापूर्ति कर लौट गई। आरोप है कि बाद में आरोपी फिर घर में घुस आया और दोबारा हमला करने की कोशिश की।
सूत्रों के मुताबिक, शिवम यादव के खिलाफ पहले से ही लूट, मारपीट और धमकी जैसी कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, फिर भी उसका रसूख कायम है। इलाके में अवैध पान-गुटखा अड्डे के जरिए असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगाकर महिलाओं को परेशान किया जा रहा है। पीड़िता ने साफ चेतावनी दी है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला, तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।