PR Sreejesh Announced his Retirement: पेरिस ओलंपिक 2024 का आगाज 26 जुलाई से होने जा रहा है, जिसमें देश को हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय हॉकी टीम से मेडल की उम्मीद है। वहीं, टीम के पूर्व कप्तान पीआर श्रीजेश का यह आखिरी टूर्नामेंट होने वाला है। श्रीजेश ने सोमवार 22 जुलाई को इंटरनेशनल हॉकी से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
पढ़ें :- यूपी मतदाता सूची गड़बड़ी मामले में बड़ा एक्शन, पीलीभीत में दो एसडीएम के खिलाफ FIR दर्ज
टोक्यो ओलंपिक में भारत को 41 साल बाद मेडल जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले पीआर श्रीजेश ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘मैं पेरिस में अपने आखिरी टूर्नामेंट की तैयारी कर रहा हूं। मुझे अपने करियर पर बहुत गर्व है और उम्मीद के साथ आगे बढ़ रहा हूं। मेरा अब तक का सफर अच्छा रहा है और मैं अपने परिवार, टीम के साथियों, सभी कोच, फैंस और हॉकी इंडिया के प्यार और समर्थन के लिए हमेशा आभारी हूं। मुझ पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद।’
भारत के दिग्गज गोलकीपर श्रीजेश ने आगे लिखा, ‘मेरे टीम के साथी मुश्किल समय में मेरे साथ खड़े रहे हैं। हम सभी यहां पेरिस में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहते हैं। निश्चित रूप से अपने पदक का रंग बदलना चाहते है।’ बता दें कि श्रीजेश ने भारतीय टीम के लिए 2010 में डेब्यू किया था। उन्होंने अभी तक कुल 328 मैच खेले हैं। हॉकी इंडिया ने पीआर श्रीजेश को उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी।