लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) का आयोजन 29 जून से एक जुलाई तक होगा। इसका कार्यक्रम उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UP Police Recruitment and Promotion Board) ने जारी कर दिया है।
पढ़ें :- यूपी में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा अब 14 सितंबर से, इस वजह से बदली परीक्षा तारीख
यह जानकारी बोर्ड के अपर सचिव भर्ती सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज (Satyarth Anirudh Pankaj, Additional Secretary Recruitment, Board) ने दी। उन्होंने बताया कि 4543 उप निरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 के लिए 14 तथा 15 मार्च को लिखित परीक्षा हुई थी, जिसमें सफल अभ्यर्थियों को दस्तावेजों के सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इस चरण में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होनी है। आगामी 29 तथा 30 जून को इसका आयोजन होगा, जबकि एक जुलाई को रिजर्व डे रखा गया है। अभ्यर्थियों के शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का प्रवेश पत्र निर्धारित तिथि से करीब एक हफ्ता दिवस पूर्व बोर्ड की वेबसाइट https://uppbpb.gov.in/ पर अपलोड किया जाएगा।