Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मोहर्रम को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति एवं सुरक्षा का दिया संदेश

मोहर्रम को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति एवं सुरक्षा का दिया संदेश

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज ::  आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र सोनौली में सोमवार को भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे।

पढ़ें :- लखनऊ अग्निकांड: कई होटल, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठान फायर सेफ्टी मानकों का करते हैं उल्लंघन, घटना के बाद कार्रवाई में जुटते हैं अधिकारी

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और एसएसबी के जवानों ने सोनौली कस्बे के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों, बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने आमजन से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील करते हुए मोहर्रम पर्व को पारंपरिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश दिया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट रूप से कहा कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, मुस्तैदी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच, निगरानी और गश्त बढ़ाने के भी निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पढ़ें :- Lucknow Fire: घटनास्थल पर पहुंचे सीएम योगी, पीड़ित परिवारों से मिले, आर्थिक मदद का भी किया एलान

Advertisement