Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. प्रयागराज सामूहिक हत्याकांड़ का खुलासा: जेवरात के लिए बेटे ने रची थी मां-बाप और बहन के कत्ल की साजिश, दोस्त ने उसे भी मार डाला

प्रयागराज सामूहिक हत्याकांड़ का खुलासा: जेवरात के लिए बेटे ने रची थी मां-बाप और बहन के कत्ल की साजिश, दोस्त ने उसे भी मार डाला

By Harsh Gautam 
Updated Date

प्रयागराज: संगम नगरी के साउथ मलाका इलाके में हुए सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड में पुलिस ने एक ऐसा चौंकाने वाला खुलासा किया है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। जिस घर से एक ही परिवार के चार लोगों की लाशें मिली थीं, उसकी कड़वी सच्चाई यह है कि उस घर के छोटे बेटे ने ही करीब डेढ़ करोड़ रुपये के जेवरात और संपत्ति के लालच में अपने पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची थी। लेकिन लालच का अंत ऐसा हुआ कि वारदात के बाद जेवरात के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में उसके अपने ही दोस्त ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया।

पढ़ें :- दिल्ली अग्निकांड: 6 कमरों के लाइसेंस पर चल रहा था 24 कमरों का होटल, कौन है 21 लोगों की मौत का कसूरवार?

‘बंटी-बबली ने मारा’ लिख कर पुलिस को भटकाना चाहता था बेटा

पुलिस जांच में सामने आया कि माता-पिता और बहन की हत्या करने के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर में एक तख्ती छोड़ दी थी, जिस पर लिखा था- बंटी-बबली और बहू ने मारा। शुरुआत में पुलिस इसे किसी बाहरी रंजिश का मामला मान रही थी लेकिन जब कड़ाई से जांच हुई तो पता चला कि यह तख्ती खुद बेटे ने लिखी थी ताकि शक उसके दूसरे भाई पर चला जाए और वह खुद साफ बच निकले।

फिर दोस्त ने ही कर दिया खेल खत्म

साजिश के मुताबिक, आरोपी बेटे ने अपने दोस्त शनि गुप्ता के साथ मिलकर पहले 70 वर्षीय पिता वीरेंद्र कुमार वैश्य, 65 वर्षीय मां अनीता और 40 वर्षीय बहन मीनाक्षी की सिर कुचलकर हत्या की। इसके बाद दोनों घर में रखे करोड़ों के जेवरात समेटकर फरार हो गए। लेकिन पाप का घड़ा तब फूटा जब जेवरात के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। दोस्त के सिर पर खून सवार हुआ और उसने साजिश रचने वाले बेटे की भी बेरहमी से हत्या कर दी और उसका चेहरा केमिकल से जला दिया ताकि उसकी पहचान न हो सके।

पढ़ें :- 10 साल तक ‘मरा हुआ’ बनकर घूमता रहा रेप का आरोपी, पत्नी की एक शिकायत ने खोल दी पूरी पोल

पुलिस ने दोस्त को दबोचा, बरामद हुए जेवरात

इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लूटे गए सारे जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि संपत्ति के लालच और आपसी अविश्वास के कारण यह पूरी वारदात अंजाम दी गई। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ कोर्ट में सख्त पैरवी कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की तैयारी कर रही है।

Advertisement