Prayagraj: प्रयागराज के सिविल लाइन्स इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चार मंजिला बिट्ठल होटल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में होटल धुएं और ऊंची लपटों से घिर गया। उस समय होटल के अंदर कई लोग मौजूद थे, जिन्हें फायर ब्रिगेड की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।
पढ़ें :- देवरिया में सड़क किनारे मिले युवक-युवती के शव, प्रेम प्रसंग की चर्चा से इलाके में सनसनी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, होटल के पास लगे ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ था। ब्लास्ट के बाद निकली चिंगारियों से होटल के लकड़ी वाले हिस्से में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते पूरा होटल इसकी चपेट में आ गया।
10 फीट ऊंची उठीं लपटें, 2 किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए हाइड्रोलिक मशीन भी मंगाई गई। राहत और बचाव के लिए एंबुलेंस भी तैनात की गई थीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी हाइड्रोलिक मशीन की मदद से ऊपरी मंजिलों तक पहुंचे और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान 36 से ज्यादा दमकलकर्मी राहत अभियान में जुटे रहे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा।
आग बुझाने में झुलसे CFO
पढ़ें :- लखनऊ में ढाबा संचालक की हत्या, वीडियो बनाने से नाराज बदमाशों ने मारी माथे पर गोली
आग बुझाने के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) सतीश चंद्र का हाथ भी झुलस गया। मौके पर ही उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घटना में होटल का बड़ा हिस्सा जल गया, जबकि बाहर खड़ी दो बाइकें भी आग की चपेट में आकर राख हो गईं। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पहले तेज धमाके की आवाज आई, फिर ट्रांसफार्मर में आग दिखाई दी। कुछ ही देर में आग होटल तक पहुंच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट को आग की वजह माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि होटल में मौजूद सभी लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।