शिवपुरी गांव में हुई बैठक में संगठन मजबूत करने और बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील
पढ़ें :- लक्ष्मीपुर में PDA जनपंचायत, सामाजिक न्याय और रोजगार के मुद्दों पर गरजे नेता
पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: 13 जुलाई (सोमवार) को महाराजगंज में प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर नौतनवा ब्लॉक के शिवपुरी गांव में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव के.सी. पांडे ने किया।
बैठक की शुरुआत नौतनवा विधानसभा के नव नियुक्त प्रभारी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. रामनारायण चौरसिया के पुष्पगुच्छ देकर स्वागत से हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनसे नौतनवा विधानसभा में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई, ताकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन की सरकार बनने पर क्षेत्र की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने वाले मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी से 13 जुलाई को सुबह 11 बजे महाराजगंज में आयोजित प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन प्रभु श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी तथा युवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर किया जा रहा है।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सदामोहन उपाध्याय एवं विधानसभा प्रभारी डॉ. रामनारायण चौरसिया ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर नौतनवा विधानसभा से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता महाराजगंज पहुंचकर प्रदर्शन में भाग लेंगे।
पढ़ें :- PUBG पर हुई महिला से दोस्ती, फैजाबाद में कोर्ट मैरिज: लखनऊ से फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार
बैठक को जिला उपाध्यक्ष राजन शुक्ला, श्रमिक संघ के जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश कुमार साहनी, एजाज अहमद सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को प्रदर्शन के उद्देश्य से अवगत कराने और अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
बैठक में मोहम्मद जकी, नजीर अहमद, सुरेश यादव, दिलीप कुमार, इंसान अली, अरुणेश उपाध्याय, उमाशंकर पांडे, त्रिवेणी यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट