लखनऊ। यूपी ब्यूरोक्रेसी (UP Bureaucracy) में एक चौंकाने वाले कदम उठाते हुए चर्चित और लोकप्रिय IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) से स्वैच्छिक इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले ने ब्यूरोक्रेसी और आम लोगों के बीच बड़ी चर्चा छेड़ दी है। 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल (Divya Mittal) फिलहाल यूपी के राजस्व विभाग (Revenue Department) में विशेष सचिव (Special Secretary) के पद पर तैनात थीं।
पढ़ें :- यूपी चुनाव से पहले पूर्व IAS-IPS को एक राजनीतिक मंच पर लाने की तैयारी, दिव्या मित्तल और अलंकार अग्निहोत्री समेत कई पूर्व अफसरों किया जा रहा संपर्क
दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने लिखा कि आज उन्होंने अपनी 13 साल की अविस्मरणीय प्रशासनिक यात्रा को विराम देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह सफर सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि देश और लोगों की सेवा का अवसर था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें एहसास हुआ कि असली ताकत किसी पद में नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और उनके आशीर्वाद में होती है।
इस्तीफे की वजह क्या है?
हालांकि अब तक दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने इस्तीफे का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। उन्होंने केवल इतना संकेत दिया कि वे जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत करना चाहती हैं। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पिछले करीब चार महीनों से उन्हें कोई फील्ड पोस्टिंग नहीं मिली थी और वे सक्रिय प्रशासनिक जिम्मेदारी चाहती थीं। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, दिव्या मित्तल ने अपना इस्तीफ़ा चीफ़ सेक्रेटरी एस पी गोयल को सौंपा है। उनका इस्तीफा भी अभी औपचारिक रूप से स्वीकार नहीं किया गया है।
दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने देवरिया, मिर्जापुर और संत कबीर नगर जैसे जिलों में जिलाधिकारी के रूप में काम किया। वह अपने सख्त काम के तरीके के लिए जानी जाती थीं और अक्सर अधिकारियों को मौके पर ही फटकार लगा देती थीं। उनके कार्यकाल में जल जीवन मिशन और विकास योजनाओं की तेज निगरानी। भ्रष्टाचार और लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई। इसके साथ ही जनता से सीधे संवाद और मौके पर निरीक्षण उनकी कार्यशैली की पहचान बनी।
पढ़ें :- पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने राजनीति के अखाड़े में उतरने का किया ऐलान, बोलीं- देश की आजादी के 80 सालों का हिसाब मागूंगी
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
इस्तीफे की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने इसे एक ईमानदार और लोकप्रिय अधिकारी का बड़ा फैसला बताया, जबकि कुछ लोगों ने उनके भविष्य की भूमिका को लेकर सवाल उठाए। फिलहाल उन्होंने आगे क्या करने वाली हैं? इसकी घोषणा नहीं की है।