पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारत-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बेलहिया में भारतीय टूरिस्ट परमिट वाहनों के विरोध का मामला सामने आया है। तीन दिन पहले बेलहिया में नेपाल के टूर एंड ट्रेवल चालकों द्वारा एक भारतीय टेंपो ट्रैवलर को रोककर बनाए गए वीडियो का बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसार हुआ। हालांकि पर्दाफाश न्यूज इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।
पढ़ें :- Video-11 हजार वोल्ट की लाइन पर लोहे की रॉड से मासूम पंतग छुड़ा रहा था, पोते को तड़पते देख बचाने दौड़े दादा की जिंदा जलकर मौत
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा वाहन लखनऊ का टूरिस्ट परमिट टेंपो ट्रैवलर है, जिसे नेपाल में आगे जाने से रोककर वापस लौटा दिया गया। वायरल वीडियो में नेपाल के टूर एंड ट्रेवल चालक यह कहते हुए दिखाई और सुनाई दे रहे हैं कि भारतीय टूरिस्ट परमिट वाले व्यावसायिक वाहन भारत की सीमा तक ही संचालित हों और नेपाल में उनका प्रवेश न हो। उनका कहना है कि भारतीय निजी (प्राइवेट) वाहनों के नेपाल आने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भारतीय टैक्सी एवं टूरिस्ट परमिट वाहनों के संचालन से नेपाल के स्थानीय चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
वीडियो में नेपाल सरकार एवं सर्वोच्च न्यायालय से इस संबंध में हस्तक्षेप करने की मांग भी की गई है। साथ ही भारत-नेपाल के रोटी-बेटी के संबंधों का उल्लेख करते हुए भी भारतीय टूरिस्ट परमिट वाहनों के प्रवेश का विरोध दर्ज कराया गया है।
इस संबंध में भैरहवा भंसार (कस्टम) कार्यालय के प्रमुख हरिहर पौडेल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसी कोई घटना हुई है तो इसकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष जायसवाल ने कहा कि हाल के दिनों में भारतीय पर्यटकों और भारतीय वाहनों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की घटनाएं लगातार होती रहीं तो व्यापारी संगठन चुप नहीं बैठेगा।
पढ़ें :- आरव हत्याकांड: डेढ़ साल के मासूम की हत्या करने वाले को फांसी की सजा, 40 दिन में आया फैसला
उधर, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में मौखिक शिकायतें लगातार मिल रही हैं। यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
https://youtube.com/shorts/FtGfQeTnSgE?si=o0MBdE3zsEO0K3dE