Bollywood Updates: हंसाकर करोड़ों लोगों का दिल जीतने वाले बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव आज खुद मुश्किलों के ऐसे दौर से गुजर रहे हैं जहां उनकी करोड़ों की संपत्ति पर नीलामी की तलवार लटक गई है।
पढ़ें :- इमरान हाशमी की फिल्म 'आवारापन 2' बच्चों को अकेले देखने की नहीं मिलेगी इजाजत! सीबीएफसी ने लगाई शर्त
दरअसल बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर कानूनी और आर्थिक मुश्किलों में घिरते दिखाई दे रहे हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में स्थित उनकी दो संपत्तियों की नीलामी 9 सितंबर को की जानी है। इस संबंध में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने दोनों संपत्तियों पर नीलामी का नोटिस भी चस्पा कर दिया है। बताया जा रहा है कि राजपाल यादव पर बैंक का करीब 16 करोड़ 61 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया है। हालांकि जिन दो संपत्तियों की नीलामी प्रस्तावित है उनकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 19 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राजपाल यादव ने अपनी फिल्म “अता पता लापता” के निर्माण के लिए बैंक से यह लोन लिया था। लेकिन समय पर कर्ज की अदायगी नहीं होने के कारण बैंक ने गिरवी रखी गई संपत्तियों पर कब्जे की प्रक्रिया शुरू कर दी और अब उनकी नीलामी की तैयारी की जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन संपत्तियों में शाहजहांपुर शहर की एक प्रॉपर्टी और गांव में स्थित खेत व मकान शामिल हैं। इतना ही नहीं, बैंक मुंबई में मौजूद उनकी अन्य संपत्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।
रिपोर्ट्स की माने तो इस लोन के लिए परिवार की कुछ संपत्तियों को भी गारंटी के तौर पर गिरवी रखा गया था। यही वजह है कि अब बैंक नियमों के तहत रिकवरी की कार्रवाई कर रहा है। गौरतलब है कि राजपाल यादव पहले से ही चेक बाउंस से जुड़े एक मामले को लेकर कानूनी विवादों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में अब संपत्तियों की नीलामी की खबर ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हालांकि, यदि निर्धारित प्रक्रिया के तहत बकाया राशि का समाधान हो जाता है, तो आगे की कानूनी स्थिति में बदलाव भी संभव है। फिलहाल अब सबकी नजरें 9 सितंबर पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि क्या राजपाल यादव अपनी संपत्तियां बचा पाएंगे या बैंक की नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
रिपोर्ट: कल्पना पाण्डे