IPL 2026 Updates: स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सीजन में अपनी भूमिका को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह मैदान पर उतरने से पहले अपना अहंकार पीछे छोड़ देते हैं और केवल टीम के लिए खेलने पर ध्यान देते हैं। बीते हुए कल राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए जडेजा ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 40 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस मुकाबले में उन्होंने 29 गेंदों पर 43 रन बनाए और गेंदबाजी में 4 ओवर में 29 रन देकर 1 विकेट भी हासिल किया।
पढ़ें :- Irani Cup 2026 : ऋषभ पंत की कप्तानी में ROI ने जीती ईरानी ट्रॉफी, जम्मू-कश्मीर की टीम को 167 रनों से हराया
मैच के बाद जडेजा ने कहा, “जब मैं मैदान पर आता हूं, तो मैं अपना अहंकार होटल के कमरे में ही छोड़ देता हूं। मैं सिर्फ यह सोचता हूं कि टीम को मुझसे क्या चाहिए और मैं उसे पूरा करने की कोशिश करता हूं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्हें इस बात से कोई शिकायत नहीं है कि कुछ मैचों में वह अपने पूरे 4 ओवर नहीं डाल पाए। अपनी बल्लेबाजी को लेकर जडेजा ने कहा कि उनका लक्ष्य आखिरी तक टिके रहना था। उन्होंने बताया कि अगर वह 17वें या 18वें ओवर में आउट हो जाते, तो टीम का स्कोर 20-25 रन कम रह सकता था, जिससे मुकाबला आसान हो जाता।
पिच को लेकर उन्होंने कहा कि एकाना क्रिकेट स्टेडियम की सतह पर गेंद रुककर आ रही थी। विपक्षी गेंदबाज दिग्वेश राठी की गेंदबाजी को देखते हुए उन्होंने रणनीति बनाई कि धीमी गेंदबाजी उनके लिए भी कारगर साबित हो सकती है। जडेजा ने अंत में कहा कि टी20 क्रिकेट में हर मैच और हर पिच अलग होती है, इसलिए खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है।