लखनऊ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश में लगभग 42 जिलों के लिए सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव को देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मई की चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच मानसून जैसा वातावरण देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार, कई जिलों में 60 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान आने की काफी संभावना है। इसके अलावा शाहजहाँपुर, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, और कन्नौज जैसे जिलों में बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि का हाई अलर्ट जारी है। वही आगरा, बरेली, प्रयागराज, प्रतापगढ़, और मेरठ सहित अन्य क्षेत्रों में मध्यम बारिश और 30से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है।
पढ़ें :- लखनऊ नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के भीतर खराब मौसम और आकाशीय बिजली गिरने के कारण प्रदेश के 7 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने गेहूं और आम की फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। प्रदेश के संभल में सबसे ज्यादा 130 मिमी और कासगंज में 97 मिमी बारिश दर्ज की गई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ (Regional Meteorological Centre, Lucknow) ने सभी लोगों को निर्देश दिया हैं कि वे खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर रहें और बिजली के खंभों, कच्चे घरों या ऊंचे पेड़ों के नीचे छुपने से बचें। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों यह मौसमी बदलाव जारी रह सकता है, जिसके चलते तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी।
रिपोर्ट : सुशील कुमार साह