पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: महराजगंज जिले के लोकप्रिय सांसद, केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री एवं उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के महराजगंज आगमन को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के उद्देश्य से नौतनवा नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया।
पढ़ें :- Lucknow Fire Tragedy : 1200 झोपड़ियां जलकर राख, पटाखों की तरह फूटे सिलिंडर, आग बुझाने में लगीं 22 दमकल गाड़ियां
बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भव्य, गरिमामयी एवं ऐतिहासिक स्वागत करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने से उत्तर प्रदेश में संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और मजबूत नेतृत्व मिला है, जिसका प्रभाव आगामी चुनावों में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
बैठक के दौरान स्वागत कार्यक्रम को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई, जिसमें जनसंपर्क, कार्यकर्ता समन्वय, अनुशासन एवं जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि महराजगंज की धरती एक बार फिर ऐतिहासिक जनसमर्थन का साक्षी बनेगी।
इस अवसर पर अजय अग्रहरी (पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा), विजय उपाध्याय (पूर्व नगर उपाध्यक्ष), राहुल गौड़ (नगर महामंत्री), राहुल दुबे, समर अग्रहरी, गौरीशंकर जायसवाल, अमित जायसवाल, रोहित वर्मा (भाजपा युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष), महेंद्र यादव (बूथ अध्यक्ष), सुनील गुप्ता (नगर मंत्री भाजपा) सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।