Rinku Singh and Priya Saroj Wedding: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख अब तय हो गई है। 4 दिसंबर को लखनऊ में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। शादी की तैयारियां दोनों परिवारों ने शुरू कर दी हैं। इस बीच रिंकू सिंह के परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण भी दिया है।
पढ़ें :- मथुरा में BJP की दो दिवसीय चिंतन बैठक, 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर होगा मंथन
शुक्रवार को रिंकू सिंह की मां बीना देवी, बहन नेहा सिंह और भाई सोनू सिंह मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां परिवार के सदस्यों ने सीएम योगी को विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपा और समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।
लखनऊ के रमाडा होटल में होगी शादी
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी का आयोजन लखनऊ के पांच सितारा रमाडा होटल में किया जाएगा। इस समारोह में राजनीति और खेल जगत की कई चर्चित हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी निमंत्रण दिया गया है।
दो बार टल चुकी है शादी की तारीख
रिंकू और प्रिया की शादी पहले नवंबर 2025 में होनी थी, लेकिन क्रिकेट में व्यस्तता के चलते कार्यक्रम आगे बढ़ा दिया गया। इसके बाद फरवरी 2026 में रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। परिवार में शोक के माहौल के कारण शादी की तारीख एक बार फिर टालनी पड़ी। अब दोनों परिवार 4 दिसंबर को विवाह की तैयारियों में जुटे हैं। दोनों ने 8 जून 2025 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में सगाई की थी। प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं।
सोशल मीडिया से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
रिंकू सिंह ने एक इंटरव्यू में बताया था कि कोविड महामारी के दौरान उन्होंने एक फैन पेज पर प्रिया सरोज की तस्वीर देखी थी। इसके बाद उनकी दिलचस्पी प्रिया में बढ़ी और उन्होंने बातचीत शुरू करने की कोशिश की। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। अब करीब डेढ़ साल पहले हुई सगाई के बाद दोनों अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं।