Cricket Updates: भारतीय क्रिकेट में रोहित शर्मा और मुख्य कोच गौतम गंभीर के रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि टीम प्रबंधन 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका देने की योजना बना रहा है और इसी वजह से रोहित के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने ऐसी खबरों को गलत बताते हुए कहा है कि रोहित को टीम से बाहर करने जैसी कोई आधिकारिक योजना नहीं है।
पढ़ें :- ICC T20 Ranking Update : वेस्ट इंडीज के खिलाफ शतक बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगाई लंबी छलांग, टॉप-10 में हुई एंट्री
रोहित शर्मा और गौतम गंभीर के बीच रिश्ता कभी काफी मजबूत माना जाता था। आईपीएल 2024 के दौरान रोहित ने कथित तौर पर गंभीर को भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने के लिए समर्थन दिया था। उस समय दोनों के बीच अच्छे तालमेल की उम्मीद जताई जा रही थी लेकिन बाद में टीम के प्रदर्शन और चयन से जुड़े फैसलों को लेकर मतभेदों की खबरें सामने आने लगीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में हार और ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान टीम के अंदर कुछ मुद्दे उभरने लगे। रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला भी खुद लिया, जिससे चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को हैरानी हुई।
रोहित की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े टूर्नामेंट जीते हैं। वनडे क्रिकेट में उनका अनुभव और प्रदर्शन अब भी टीम के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। हालांकि, चयनकर्ता 2027 विश्व कप को देखते हुए युवा खिलाड़ियों को तैयार करना चाहते हैं, जिसमें यशस्वी जायसवाल जैसे नाम शामिल हैं। फिलहाल रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है। बीसीसीआई के बयान के बाद यह साफ है कि सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में चल रही कई बातें केवल अटकलें हैं। आने वाले मुकाबलों में रोहित का प्रदर्शन ही तय करेगा कि वह भारतीय वनडे टीम की योजनाओं का हिस्सा कितने समय तक बने रहते हैं।
रिपोर्ट: कल्पना पाण्डे