Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नीले जींस-टीसर्ट में यूपी के कैंपस में उतरी सपा: 6 महीने में ही आएगी रिकॉर्ड-तोड़ भ​र्ती! क्या है छात्र सभा का प्लान

नीले जींस-टीसर्ट में यूपी के कैंपस में उतरी सपा: 6 महीने में ही आएगी रिकॉर्ड-तोड़ भ​र्ती! क्या है छात्र सभा का प्लान

By Harsh 
Updated Date

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों के कैंपस में युवाओं के बीच अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी छात्र सभा ने ‘छात्र नौजवान पड़ाव जागरूकता एवं सदस्यता अभियान’ शुरू किया है। अभियान के तहत छात्र सभा के कार्यकर्ता कॉलेज और यूनिवर्सिटी परिसरों में नीली जींस और नीली टी-सर्ट पहनकर Gen Z छात्रों से बातचीत कर रहे हैं।

पढ़ें :- 2027 से पहले यूपी में लागू होगा UCC? BJP के बड़े नेता के बयान से बढ़ी हलचल

इस अभियान की खास बात यह है कि छात्र सभा केवल सदस्य बनाने तक अपनी गतिविधि सीमित नहीं रख रही। कार्यकर्ता छात्रों से आमने-सामने बातचीत कर उनकी समस्याएं और राजनीतिक मुद्दों पर राय जान रहे हैं। इसके साथ ही उनके गृह जिले और विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी जानकारी भी संगठन के स्तर पर जुटाई जा रही है।

कैंपस से विधानसभा तक संगठन खड़ा करने की कोशिश

छात्र सभा के कार्यकर्ताओं के मुताबिक अभियान का मकसद ऐसे युवाओं को संगठन से जोड़ना है जो आगे चलकर अपने क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा सकें। इसके लिए छात्रों के साथ वन-टू-वन संवाद पर जोर दिया जा रहा है।
सपा कार्यकर्ता इसे महज ऑनलाइन या मिस्ड कॉल के जरिए सदस्यता दिलाने वाली कवायद से अलग बता रहे हैं। उनका कहना है कि छात्रों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझने और उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ने पर फोकस है।

नौकरी से लेकर पेपर लीक तक, युवाओं के मुद्दों पर फोकस

पढ़ें :- अखिलेश यादव और राहुल गांधी को साफ करना चाहिए कि वे समान नागरिक संहिता के पक्ष में हैं या वोट बैंक की राजनीति की बीमारी से ग्रस्त रहेंगे: केशव मौर्य

कैंपस में होने वाली बातचीत के दौरान रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, बढ़ती फीस, आउटसोर्सिंग और छात्रवृत्ति जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। छात्र सभा के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इन समस्याओं को लेकर प्रदेश के युवाओं में नाराजगी है और बड़ी संख्या में छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

सपा की छात्र इकाई का दावा है कि परीक्षा व्यवस्था में बार-बार सामने आने वाली गड़बड़ियों से मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं फीस में बढ़ोतरी और छात्रवृत्ति में देरी जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

सरकार बनी तो छह महीने में बड़ी भर्ती का दावा

अभियान के दौरान छात्र सभा के कार्यकर्ता युवाओं से यह भी पूछ रहे हैं कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में शिक्षा, रोजगार और छात्र हितों को लेकर किन बदलावों की जरूरत है। यानी संगठन सिर्फ अपनी बात रखने के बजाय छात्रों से सुझाव लेने पर भी जोर दे रहा है।

कार्यकर्ताओं ने दावा किया है कि सत्ता में आने पर युवाओं की रोजगार संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए छह महीने के भीतर बड़े स्तर पर भर्तियां निकाली जाएंगी। अब देखना यह होगा कि कैंपस में शुरू किया गया यह अभियान सपा को युवाओं के बीच कितना राजनीतिक फायदा दिला पाता है और Gen Z का कितना समर्थन पार्टी अपने संगठन के साथ जोड़ पाती है।

पढ़ें :- लखनऊ :बीजेपी से नाराजगी के बीच माता प्रसाद से मिले संजय निषाद, क्या बदलेंगे पाला?
Advertisement