SBI Interest Rate Hike: सस्ते लोन के इंतजार में बैठे लोगों की उम्मीदों को सबसे बड़े सरकारी बैंक यानी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने जोरदार झटका दिया है। एसबीआई ने आज सोमवार को जानकारी दी कि बैंक के इंटर्नल बेंचमार्क मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (MCLR) को 5 से 10 आधार अंक बढ़ाया गया है। एसबीआई की नई ब्याज दरें आज से ही लागू हो चुकी हैं।
पढ़ें :- Noel Tata : नोएल टाटा वोल्टास के चेयरमैन पद से होंगे रिटायर , जानें कौन बनेगा नया चेयरमैन
एसबीआई की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने के बाद इस बेंचमार्क से जुडे़ सभी तरह के लोन और उसकी ईएमआई भी बढ़ गई हैं। बैंक के नोटिफिकेशन के मुताबिक, बैंक ने 1 साल के लोन पर एमसीएलआर (MCLR) 0.10 फीसदी बढ़ा गया है, जो अब 8.85 फीसदी हो गया। इसी तरह, तीन महीने के लोन पर एमसीएलआर (MCLR) 0.10 फीसदी बढ़कर 8.4 फीसदी, छह महीने पर 0.10 फीसदी बढ़कर 8.75 फीसदी और दो साल के लोन पर एमसीएलआर (MCLR) 0.10 फीसदी बढ़कर 8.95 फीसदी हो गया है।
हालांकि, एसबीआई के फैसले का असर बैंक के सभी ग्राहकों पर नहीं पड़ेगा, क्योंकि अब ज्यादातर खुदरा लोन को रेपो रेट जैसे बाहरी बेंचमार्क से जोड़ दिया गया है, जबकि कुछ पुराने लोन ही एमसीएलआर (MCLR) से जुड़े हैं। ऐसे में एमसीएलआर में बढ़ोतरी का असर सिर्फ उन्हीं ग्राहकों पर होगा, जिनके लोन आज भी बैंक के आंतरिक बेंचमार्क से जुड़े हैं।