Scotland Women’s Cricket Team: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप क्वालीफायर के सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर स्कॉटलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। अबुधाबी के खेले गए इस मैच में स्कॉटलैंड के सामने आयरलैंड की टीम थी, जिसे 8 विकेट से हराकर स्कॉटलैंड की टीम ने पहली टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया है।
पढ़ें :- IND vs NZ 2nd T20I : तिलक-नीतीश की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के जबड़े से छीनी जीत, रोमांचक मुकाबले में भारत चार विकेट से जीता
अबुधाबी के जायेद क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को खेले गए इस मैच में आयरलैंड की टीम लिआ पॉल 45 रनों की पारी के बदौलत 9 विकेट के नुकसान पर 110 रन ही बना सकी। स्कॉटलैंड की ओर से कप्तान कैथरीन ब्राइस ने 4 ओवर में केवल 8 रन खर्च किए और चार विकेट चटकाए। इसके अलावा रचेल स्लेटर ने 3 ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
दूसरी पारी में 111 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड के लिए मेगन मैकॉल ने 47 गेंदों में 50 रन बनाए। ब्राइस ने बल्ले से भी कमाल दिखाया और 29 गेंदों में पांच चौके की मदद से नाबाद 35 रन की मैच विजयी पारी खेली। कैथरीन की पारी की मदद से स्कॉटलैंड ने 22 गेंदें शेष रहते लक्ष्य हासिल किया।
श्रीलंका ने भी किया क्वालिफाई
क्वालीफायर के दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने यूएई को 15 रनों से हराकर महिला टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई किया है। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए विशमी गुणरत्ने की 45 रनों की अहम पारी के बदौलत 6 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। यूएई की तरफ से वैष्णव महेश और ईशा ओजा ने 2-2 विकेट चटकाए।
पढ़ें :- IND vs NZ Live : दूसरे टी20 में भारत पहले करेगा गेंदबाजी, वैभव सूर्यवंशी नंबर-3 पर करेंगे बल्लेबाजी
दूसरी पारी में 150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 134 रन ही बना सकी। यूएई की ओर से ईशा ओजा ने 66 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत न दिला सकीं। श्रीलंका की तरफ से चमारी अटापट्टू ने 4 ओवर में 28 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए।
बता दें कि श्रीलंका और स्कॉटलैंड की महिला टीमों के बीच क्वालीफायर का फाइनल मंगलवार को खेला जाएगा।