Agra News : यूपी के आगरा में चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास के गेट पर ‘गद्दार’ लिखने वाले छह कांग्रेस नेता जेल से बाहर आ गए हैं। जेल से बाहर आने के बाद इनमें से एक कांग्रेस नेता अनिल यादव ने पत्रकारों से बात की और कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपनी कुर्सी पर बने रहेंगे, तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
पढ़ें :- ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के मामले में केरल सरकार ने दिये विजिलेंस जांच के आदेश, CEC की बढ़ीं मुश्किलें!
दरअसल, चुनाव आयोग में ज्ञानेश कुमार की कथित मनमानी को लेकर एक रिपोर्ट सामने आने के बाद 28 सितंबर 2026 को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आगरा के विजय नगर स्थित CEC ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने ज्ञानेश कुमार के घर के गेट पर कालिख पोती थी और दीवारों पर काले स्प्रे से नारे लिखे थे। जिसके बाद ने हरिपर्वत थाने में मामला दर्ज कर अनिल यादव, मुकेश धनगर, मनोज गौरव, राजेश कुमार, राजा गौतम और पंकज चौधरी समेत 6 कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगरा की अदालत ने शनिवार को जमानत दे दी और रविवार को इन्हें जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आने पर कांग्रेस समर्थकों ने फूल-माला से उनका भव्य स्वागत किया। कांग्रेस नेता अनिल यादव ने मीडिया से कहा, “हम बाहर आ गए हैं, लेकिन हमारी लड़ाई जारी रहेगी। जब तक ज्ञानेश कुमार जैसा ‘लोकतंत्र का हत्यारा’ अपनी कुर्सी पर बना रहेगा, हम यह लड़ाई जारी रखेंगे। क्योंकि उन्होंने देश भर के करोड़ों वोटरों के अधिकार छीने हैं, उनके वोट छीने हैं। वह लोकतंत्र के हत्यारे हैं और देश की जनता व क्रांतिकारी युवा उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।”