पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर टोला, भारिया गांव में रविवार सुबह करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश साहनी (पुत्र विक्रम साहनी) के रूप में हुई है।
पढ़ें :- 'चढ़ावा चोरी केस में प्रियंका गांधी, केजरीवाल, संजय सिंह और रामगोपाल यादव से हो पूछताछ...' VHP ने जांच अधिकारी को लिखा पत्र
जानकारी के अनुसार प्रकाश अपने खेत में पानी चलाने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसने करीब पांच एकड़ भूमि में मछली पालन और खेती कर रखी थी। मछलियों की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर लगे कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित की गई थी। आशंका है कि उसी बिजलीयुक्त तार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
सूचना पर पहुंची सोनौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रकाश को मेहनती और मिलनसार युवक बताते हुए उसकी असमय मौत पर गहरा दुख जताया।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट