पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: सोनौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खनुआ बाजार में बीती रात चोरों ने एक स्वर्ण आभूषण की दुकान को निशाना बनाकर शटर तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण चुरा लिए। इस घटना के बाद क्षेत्र में व्यापारियों में भारी दहशत व पुलिस प्रशासन के प्रति रोष का माहौल बन गया है।
पढ़ें :- संजय निषाद ने यूपी विधान चुनाव से पहले बीजेपी को दिया अल्टीमेटम, आरक्षण पर फैसला करो, वरना दूसरा दरवाजा देखेंगे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नौतनवा नगर निवासी निखिल कुमार वर्मा, पुत्र श्री प्रभुनाथ वर्मा, “शिवांगी ज्वेलर्स” के नाम से खनुआ बाजार में स्वर्ण आभूषणों की दुकान संचालित करते हैं। रोज की तरह उन्होंने शनिवार की शाम को दुकान बंद कर अपने निवास चले गए थे। रविवार सुबह करीब 5:30 बजे, पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि उनकी दुकान का शटर टेढ़ा कर उठाया गया प्रतीत हो रहा है।
सूचना पाते ही निखिल वर्मा तत्काल दुकान पहुंचे। वहां देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था, अंदर की अलमारी क्षतिग्रस्त थी और उसमें रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
घटना की सूचना पर चौकी इंचार्ज खनुआं के साथ क्षेत्राधिकारी नौतनवा जय प्रकाश त्रिपाठी भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को तहरीर सौंपकर चोरी की एफआईआर दर्ज करने और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय व्यापारियों ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि नेपाल सीमा से सटे इस संवेदनशील क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक गतिविधियाँ पुलिस की सतर्कता और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
पढ़ें :- Police Commemoration Day 2026 : सीएम योगी, बोले-शहीदों के प्रति राष्ट्र का ऋण कोई भी नहीं चुका सकता
व्यापारियों की मांग है कि पुलिस क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाए, अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।