Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video-ताजमहल घूमने आई कोरियन महिला को बंदर ने काटा, एक घंटे तक एंबुलेंस ना आने पर दर्द से तड़पती रहीं

Video-ताजमहल घूमने आई कोरियन महिला को बंदर ने काटा, एक घंटे तक एंबुलेंस ना आने पर दर्द से तड़पती रहीं

By Harsh 
Updated Date

आगरा। ताजमहल में रविवार सुबह एक विदेशी महिला पर्यटक पर बंदर के हमले ने सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। दक्षिण कोरिया से आई महिला पर्यटक को बंदर ने हाथ में काट लिया, जिससे उनका हाथ लहूलुहान हो गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि घायल महिला को करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिल सकी और वह दर्द से तड़पती रही।

पढ़ें :- Viral Video: 10 फीट के अजगर को डोरी से बांधकर खींच ले गईं महिलाएं! एक यूजर ने लिखा, 'इतने बड़े अजगर को किडनैप कर लिया'

जानकारी के मुताबिक रिपब्लिक ऑफ कोरिया की नागरिक किम मेह अपने साथी के साथ सुबह ताजमहल घूमने पहुंची थीं। दोनों ने पहले से ऑनलाइन टिकट बुक कर रखी थी। महिला का साथी विदेशी पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराए जाने वाले मुफ्त शू-कवर और पानी की बोतल लेने टिकट काउंटर गया, जबकि किम मेह सीढ़ियों के पास उसका इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान एक बंदर अचानक उनके पास पहुंचा और दाहिने हाथ पर हमला कर काट लिया।

महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने बंदर को वहां से भगाया, लेकिन तब तक उनके हाथ से काफी खून बहने लगा था। घायल पर्यटक और उसके साथी ने तत्काल एंबुलेंस बुलाने की मांग की। मौके पर मौजूद सीआईएसएफ कर्मियों और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मचारियों ने एंबुलेंस चालक से संपर्क किया। चालक ने कुछ ही मिनटों में पहुंचने का भरोसा दिया, लेकिन काफी इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।

स्थिति बिगड़ती देख घायल महिला को ताजमहल परिसर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उनका शुरुआती उपचार किया गया। इसके बाद एंबुलेंस उपलब्ध न होने पर बैटरी कार के जरिए उन्हें शांति मांगलिक अस्पताल भेजा गया जहां आगे का इलाज कराया गया।

घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में महिला दर्द से परेशान दिखाई दे रही हैं, जबकि उनका साथी लोगों से मदद मांगते हुए “व्हेयर वी गो?” पूछता नजर आ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले एंबुलेंस चालक के खिलाफ मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को रिपोर्ट भेजी है। वहीं, घटना के बाद ताजमहल परिसर में बंदरों के बढ़ते आतंक और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

पढ़ें :- Video Viral-महिला टीचर से स्कूल मैनेजर, बोला-‘मेरी पत्नी बीमार है, मैं तुम्हारे साथ सोना चाहता हूं… '
Advertisement