पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नीट परीक्षा में कथित अनियमितता, पेपर लीक और छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजू यादव ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।
पढ़ें :- UP Legislature Monsoon Session : मानसून सत्र तीन अगस्त से, विधानसभा सचिवालय ने जारी की अधिसूचना
बैजू यादव ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं ने देश के करोड़ों विद्यार्थियों का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और जनप्रतिनिधियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है, जिसकी समाजवादी पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है।
ज्ञापन में मांग की गई कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही छात्रों एवं जनप्रतिनिधियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने तथा प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों और अन्य दमनात्मक कार्रवाइयों को तत्काल वापस लेने की भी मांग की गई।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी नौतनवा विधानसभा अध्यक्ष विक्रम यादव, संजय कनौजिया, विजय यादव, नीरज गुप्ता, राजू दुबे सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
पढ़ें :- सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित हैं, पौराणिक तथ्य बतातें हैं क्यों ये माह है सबसे खास?
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट