पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के साथ चुनावी वादों, भाषणों और दावों का दौर शुरू हो चुका है। लेकिन इस बार सवाल नेताओं से नहीं, सीधे मतदाता से पूछा जाएगा। इसी उद्देश्य के साथ पर्दाफाश न्यूज़ शुरू कर रहा है एक विशेष जनसंवाद अभियान—“बोल मतदाता बोल”।
पढ़ें :- लक्ष्मीपुर में PDA जनपंचायत, सामाजिक न्याय और रोजगार के मुद्दों पर गरजे नेता
इस अभियान में न मंच होगा, न राजनीतिक भाषण। यहां बोलेगी सिर्फ जनता। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के हर गांव, हर वार्ड और हर गली तक पहुंचकर आम लोगों से पूछा जाएगा—आपके गांव का सबसे बड़ा मुद्दा क्या है? पांच साल में क्या बदला और क्या अब भी अधूरा है? अगले विधायक से आपकी सबसे बड़ी उम्मीद क्या है?
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बिजली, पानी, सिंचाई, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे हर मुद्दे पर मतदाताओं की बेबाक राय कैमरे में कैद होगी और बिना किसी काट-छांट के पूरे क्षेत्र के सामने रखी जाएगी।
“बोल मतदाता बोल” किसी राजनीतिक दल, नेता या विचारधारा का मंच नहीं है। यह जनता की आवाज़ का मंच है, जहां चुनावी मुद्दे जनता तय करेगी। हमारा उद्देश्य किसी का प्रचार या विरोध नहीं, बल्कि चुनावी बहस को जनसरोकारों के केंद्र में लाना है।
अब वक्त आ गया है कि चुनाव केवल वादों पर नहीं, बल्कि गांव-गांव की वास्तविक समस्याओं और जनता की उम्मीदों पर लड़ा जाए।
पढ़ें :- PUBG पर हुई महिला से दोस्ती, फैजाबाद में कोर्ट मैरिज: लखनऊ से फर्जी दस्तावेज बनवाकर रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार
पर्दाफाश न्यूज़ नौतनवा विधानसभा के प्रत्येक मतदाता से अपील करता है कि इस जनसंवाद अभियान का हिस्सा बनें, अपनी बात खुलकर रखें और लोकतंत्र को अपनी आवाज़ दें।
“बोल मतदाता बोल — न वादा, न बहाना… अब जनता बताएगी असली अफसाना।”