पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), महराजगंज की ओर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बहुआर स्थित बंस बहादुर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में एफ समवाय झुलनीपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, भ्रष्टाचार उन्मूलन, ईमानदारी और सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पढ़ें :- UP PET Exam 2026 : लखनऊ में 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों में 30 अक्टूबर को रहेगा अवकाश, डीआईओएस ने जारी किया आदेश
कार्यक्रम में एसएसबी के उप निरीक्षक रविंद्र कुमार यादव एवं मुख्य आरक्षी (संचार) संदीप चौरसिया ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक तथा ओटीपी और पासवर्ड की गोपनीयता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और अनजान स्रोतों से प्राप्त लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
एसएसबी के जवानों ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। साथ ही विद्यार्थियों को सीमा सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी, फोटो और वीडियो अनधिकृत व्यक्तियों के साथ साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित सुरक्षा एजेंसी को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के 102 छात्र-छात्राओं, श्री ईश्वर चंद दास सहित छह शिक्षकों तथा एसएसबी के पांच जवानों ने सहभागिता की।
पढ़ें :- आजम खान और बेटे अब्दुल्ला को दो पैन कार्ड मामले में हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत,सजा को किया निलंबित, जमानत अर्जी की मंजूर
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सतर्कता, ईमानदारी, साइबर सुरक्षा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। एसएसबी ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी साइबर अपराधों तथा भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करने की अपील की।
22वीं वाहिनी एसएसबी, महराजगंज की ओर से कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जनसामान्य और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट