लखनऊ। बंदरों के हमले की एक बेहद चिंताजनक घटना उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के उतरेटिया इलाके से सामने आई है। यहां पर आवासीय क्षेत्र में घर के बाहर खेल रहे एक मासूम बच्चे पर आतंक मचा रहे बंदरों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इन मनचले और बदमाश बंदरों ने बच्चे को काटकर बुरी तरह से लहुलुहान कर दिया है।
पढ़ें :- AR रहमान के बेटे का चेन्नई में भयंकर कार एक्सीडेंट, बाल-बाल बची आमीन की जान
परिजनों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया
खबरों के मुताबिक बच्चा घटना के वक्त घर के पास खेल रहा था, तभी अचानक बंदरों के झुंड ने उसे चारों ओर से घेर लिया। जिससे बच्चा डर गया और चिल्लाने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और स्थानीय निवासियों ने लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से फटकार कर बंदरों को घटनास्थल से भगाया। इसक बाद घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे एंटी-रेबीज (Anti-Rabies Vaccine) और टिटनेस का टीका लगाया। फिलहाल बच्चे का इलाज अभी चल रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद उतरेटिया और आसपास के निवासियों में भारी डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा है कि कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें देने के बाद भी लखनऊ नगर निगम और वन विभाग की टीम बंदरों को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। इस क्षेत्र में पिछले कई दिनों से बंदरों और आवारा जानवरों का आतंक बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बंदरों को यहां से नहीं हटाया गया, तो वे लोग प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।