Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. NDA में लखनऊ की सुमीरा तिवारी का कमाल, हासिल की 11वीं रैंक; पिता की तरह बनेंगी एयरफोर्स पायलट

NDA में लखनऊ की सुमीरा तिवारी का कमाल, हासिल की 11वीं रैंक; पिता की तरह बनेंगी एयरफोर्स पायलट

By Kalpna Pandey 
Updated Date

Indian Air Force: सपने अगर बड़े हों और उन्हें पूरा करने का जुनून हो, तो मंजिल तक पहुंचने का रास्ता भी निकल आता है। लखनऊ की 18 वर्षीय सुमीरा तिवारी ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। रिटायर्ड एयरफोर्स विंग कमांडर की बेटी सुमीरा ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार और शहर का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि उनका चयन भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग ब्रांच के लिए हुआ है। अब वह अपने बचपन के उस सपने को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जिसे उन्होंने अपने पिता को आसमान में विमान उड़ाते देखकर संजोया था।

पढ़ें :- 'झुके सिर और 'प्रणाम महोदय' की रट...' KGMU में MBBS फर्स्ट ईयर छात्रों का वीडियो वायरल, रैगिंग के लग रहे आरोप

सुमीरा तिवारी लखनऊ के विकास नगर की रहने वाली हैं। उनके पिता संतोष तिवारी भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर रह चुके हैं। फिलहाल वह एक प्राइवेट हेलीकॉप्टर चार्टर कंपनी में कमर्शियल पायलट के तौर पर काम कर रहे हैं। सुमीरा बचपन से ही अपने पिता को वर्दी में देखकर बड़ी हुईं। विमान, उड़ान और एविएशन से जुड़ी चीजों में उनकी दिलचस्पी भी बचपन से रही। वह अक्सर अपने पिता से विमान और पायलट की जिंदगी से जुड़े सवाल पूछा करती थीं। धीरे-धीरे यही दिलचस्पी उनके करियर का सपना बन गई।

सुमीरा ने अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की और NDA परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल की। इस शानदार प्रदर्शन के बाद उनका चयन भारतीय वायुसेना की फ्लाइंग ब्रांच के लिए हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार फ्लाइंग ब्रांच में केवल दो महिला उम्मीदवारों को जगह मिली है। ऐसे में सुमीरा की यह उपलब्धि और भी खास हो जाती है।

सुमीरा के पिता संतोष तिवारी और मां श्वेता तिवारी ने उनके इस सफर में पूरा साथ दिया। पिता ने न सिर्फ उन्हें एविएशन की दुनिया से परिचित कराया, बल्कि उनके सपने को पूरा करने के लिए मार्गदर्शन भी दिया। अब सुमीरा को NDA और फ्लाइंग ट्रेनिंग के साथ जरूरी मानकों को पूरा करना होगा। इसके बाद वह भारतीय वायुसेना में पायलट बनने के अपने बचपन के सपने को साकार कर सकेंगी।

पढ़ें :- Lucknow: कुरान पढ़ाने के बहाने एक साल तक बच्ची से की दरिंदगी, सामने आई मौलाना की घिनौनी करतूत
Advertisement