लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जो भी काम करती है सब नकली होता है। अस्पतालों में इलाज और दवाएं नकली मिलती है। नकली एनकाउण्टर उत्तर प्रदेश की नियति बन गई है। न कहीं विकास नज़र आता है और नहीं जनहित या जनकल्याण की कोई योजना है। सभी मोर्चो पर फेल भाजपा अब चुनाव भी नकली तरीके से जीतने की साजिश कर सकती है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को भाजपा की चालाकी से सावधान रहने को कहा है।
पढ़ें :- Kanpur Dehat News : जनसमस्याओं को लेकर सपा का प्रदर्शन, नरेंद्र पाल सिंह 'मनु' ने बुलंद की जनता की आवाज
अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा के कारण उत्तर प्रदेश अंधकार में है। भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाओं और बच्चियों को रोज अपमानित होना पड़ रहा है। भाजपा ने लोकतंत्र की पवित्रता को भी नष्ट किया है। नागरिकों के अधिकारों पर कुठाराघात करना ही उसकी एक मात्र उपलब्धि है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि, भाजपा संविधान प्रदान आरक्षण के भी विरुद्ध है। नौजवानों के लिए नौकरियां नहीं है। जो भी परीक्षाएं हो रही है उन्हें पेपर लीक की वजह से रद्द कर दिया जाता है। कालेज-यूनिवर्सिटीज में अंधाधुंध फीस बढ़ाई जा रही है ताकि गरीब छात्र पढ़ाई न कर सके। प्रशासन के अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने पर जेल और पुलिस यातना मिलती है। फर्जी मुकदमों में लोगों को फंसाकर वसूली की जाती है। थाना कचहरी हर संस्थान में लूट है।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को सचेत किया कि सन् 2027 लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है। हमारी तैयारी भी पूरी है। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही उत्तर प्रदेश को बचा सकती है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। अब पीडीए समाज भी परिवर्तन के लिए तैयार है। जरूरत बस एकजुटता से भाजपा को हराने और उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने की है।