Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्रकार उत्पीड़न पर गरमाया माहौल: गालीबाज थानाध्यक्ष के खिलाफ जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब का प्रदर्शन,एसपी को सौंपा ज्ञापन

पत्रकार उत्पीड़न पर गरमाया माहौल: गालीबाज थानाध्यक्ष के खिलाफ जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब का प्रदर्शन,एसपी को सौंपा ज्ञापन

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज ::  ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित सिंह पर पत्रकार से कथित अभद्रता और उत्पीड़न के आरोप को लेकर मंगलवार को जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब, महराजगंज ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जोरदार विरोध दर्ज कराया। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर थानाध्यक्ष के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक से तत्काल मुलाकात न होने पर पत्रकार एसपी कार्यालय परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

पढ़ें :- सोनम वांगचुक के अनशन से नहीं पसीजेंगे पीएम मोदी, नौजवान सड़क पर उतरेगा तभी झुकेगी सत्ता : संजय सिंह

जानकारी के अनुसार, एसपी कार्यालय पहुंचने पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पत्रकारों को यह कहते हुए रोक दिया कि “साहब फ्री होंगे, तब मुलाकात होगी।” इससे नाराज जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में पत्रकार कार्यालय के बाहर ही धरने की मुद्रा में बैठ गए। मामला बढ़ता देख पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय में बुलाया और पूरे प्रकरण की जानकारी ली।

बैठक के दौरान पत्रकारों ने ठूठीबारी थाना क्षेत्र के पत्रकार दिनेश रौनियार के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला उठाया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भूमि विवाद से जुड़े एक प्रकरण में थानाध्यक्ष अमित सिंह ने पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे मानसिक रूप से आहत होकर पत्रकार ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने का दावा किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच नौतनवा क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपते हुए एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि थानाध्यक्ष अमित सिंह के खिलाफ फरियादियों और आम नागरिकों से दुर्व्यवहार के कई वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने यह भी सवाल उठाया कि गैर जनपद स्थानांतरण होने के बावजूद वह अभी तक महराजगंज में ही तैनात हैं।

पढ़ें :- श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने किया आवेदन,बना चर्चा का विषय

जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब ने कहा कि प्रदेश सरकार पुलिस को संवेदनशील और जनहितैषी व्यवहार के निर्देश देती रही है, लेकिन जिले में कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं लगातार सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारों और आम नागरिकों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

Advertisement