Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नौतनवा की रामलीला में रामजन्म और ताड़का-सुबाहु वध का मंचन

नौतनवा की रामलीला में रामजन्म और ताड़का-सुबाहु वध का मंचन

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज ::  नौतनवा नगर के सब्जी मंडी पड़ाव में आयोजित पारंपरिक रामलीला में रामजन्म और ताड़का-सुबाहु वध की लीला का मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय के जरिए रामकथा के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। मंचन के दौरान पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजता रहा।

पढ़ें :- अखिलेश यादव बोले-भाजपा ने बैंकिंग सेवाओं को सूदख़ोरी से भी ज़्यादा बुरा बनाया, मोदी सरकार के 12 साल के शासन पर दागा 12 सवाल

लीला का शुभारंभ राजा दशरथ की संतान प्राप्ति की चिंता से हुआ। गुरु वशिष्ठ की सलाह पर राजा दशरथ ने शृंगी ऋषि के माध्यम से पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। यज्ञ से प्राप्त हवि तीनों रानियों को दिए जाने के बाद भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न का जन्म हुआ। रामजन्म के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

इसके बाद महर्षि विश्वामित्र राक्षसों से यज्ञ की रक्षा के लिए भगवान राम और लक्ष्मण को अपने साथ वन ले गए। वहां भगवान राम ने ताड़का और सुबाहु का वध कर ऋषियों को उनके आतंक से मुक्ति दिलाई। इस प्रसंग के मंचन पर दर्शकों ने जयकारे लगाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष लालमन प्रसाद जायसवाल, राजाराम जायसवाल, राधेश्याम सिंह, रामरूप जायसवाल, भोला जायसवाल, वरिष्ठ पत्रकार विनोद पटवा, दीपक जायसवाल, संजय जायसवाल, विकास जैन, शिखर जायसवाल, रमेश जायसवाल और शिव टिबड़ेवाल सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

पढ़ें :- अभिजीत दिपके और नेहा बोरा की प्रेस में हंगामा और नारेबाजी, 'बंद करो, दफा हो जाओ', सीजेपी चीफ बोले-इन्हें दे दीजिए 50-100 का नोट
Advertisement