लखनऊ। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, दोनों नेताओं को देशद्रोही नहीं कहा जा सकता, लेकिन उनकी बयानबाज़ी निश्चित रूप से ऐसी भी नहीं है जिसे देशभक्ति के योग्य माना जाए।
पढ़ें :- देश में कहीं अघोषित लॉकडाउन या मंदी की आहट तो नहीं? मोदी की अपील में छिपे हैं ये बड़े संकेत
केशव मौर्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी और सपा नेता अखिलेश यादव जी चाहें तो अपनी पुरानी आदत के अनुसार तेल, गैस और सोना खरीदकर वैश्विक संकट के समय भी घटिया राजनीति कर सकते हैं, लेकिन देश की जनता को अपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व, निर्णय क्षमता और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना पर पूरा भरोसा है, राहुल गांधी जी और अखिलेश यादव जी पर नहीं। दोनों नेताओं को देशद्रोही नहीं कहा जा सकता, लेकिन उनकी बयानबाज़ी निश्चित रूप से ऐसी भी नहीं है जिसे देशभक्ति के योग्य माना जाए। यदि ऐसे नेता भारत-पाक युद्ध के समय होते तो भारत रत्न, देश के अनमोल प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी का “जय जवान, जय किसान” का विजय घोष भी निरर्थक कर देते।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, राहुल गांधी जी और अखिलेश यादव जी को अब समझ लेना चाहिए कि आप दोनों की मानसिकता ही नकारात्मक हो गई है। फिर चाहे मुद्दा राष्ट्रहित का ही क्यों न हो। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देशहित में अपने राष्ट्र के प्रिय परिवारीजनों से कुछ समय के लिए सीमित संसाधनों का उपयोग करने की विनम्र अपील की तो नकारात्मक मानसिकता से ग्रसित आप दोनों नेताओं की राजनीतिक कुंठा, हताशा और निराशा बाहर आ गई। अनर्गल बयानबाजी शुरु कर दी।
उन्होंने आगे लिखा, प्रधानमंत्री जी ने प्रिय देशवासियों से अपनी अपील में स्पष्ट किया है कि जहां तक संभव हो, Work From Home को प्राथमिकता दें। एक साल तक सोना खरीदने से बचें। पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए मेट्रो से सफर करें। पार्सल रेल से भेजें और कार का कम इस्तेमाल करें। खाने के तेल का भी कम उपयोग करें। रासायनिक खाद का इस्तेमाल आधा करें और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ें। विदेशी ब्रांडेड उत्पादों का उपयोग कम करें और स्वदेशी को अपनाएं एवं एक साल तक विदेशों की यात्रा कम करें।
आइए, हम सब मिलकर तेल आयात पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा बचाने का संकल्प लें। हफ्ते में एक दिन कारपूल करना हो या EV अपनाना, आपका हर छोटा कदम देशहित में बड़ा योगदान है। गैस चूल्हे की जगह इंडक्शन का उपयोग और घर पर सोलर पैनल लगाना एक बेहतरीन शुरुआत हो सकती है।
पढ़ें :- नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया,अब इस लापरवाही का खामियाजा देश और जनता को उठाना होगा : कांग्रेस