नई दिल्ली। बृज की छात्राओं के लिए यह रक्षाबंधन विशेष आनंद व उपलब्धियां भरा रहा। रक्षाबंधन पर ब्रज वृंदावन की रज की सुगंध लिए हुए वृंदावन पब्लिक स्कूल वृंदावन की बालिकाओं ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की कलाई पर वृंदावन की तुलसी से निर्मित राखी बांधकर उनका सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
पढ़ें :- T20 World Cup 2026 : विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया, सेमीफाइनल में इंग्लैंड को किया पस्त, 8 मार्च को न्यूजीलैंड से मुकाबला
इसके लिए राष्ट्रपति भवन के तरफ से संपूर्ण भारत से बालक बालिकाओं को चयनित कर आमंत्रित किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश की ओर से वृंदावन पब्लिक स्कूल की छात्राओं को यह अवसर प्राप्त हुआ। इसमें वृंदावन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उनसे मिलकर उन्हें राखियां बांधी। विद्यालय की छात्रा अन्वी, कषिका, वैष्णवी, अनिकेत इस दल के सदस्य रहे। उन्होंने राष्ट्रपति के सम्मुख राधे-राधे का संबोधन करते हुए श्री बांके बिहारी का चित्रपट, वृंदा राखी, ब्रजरज एवं तुलसी की माला भेंट की। जिसे महामहिम राष्ट्रपति ने बड़े आत्मीय मुस्कान के साथ स्वीकार किया।
राष्ट्रपति भवन के तरफ से सभी बच्चों को उपहार प्रदान किए गए। ग्रुप का नेतृत्व प्रधानाचार्य कृति शर्मा व महाप्रबंधक पुण्य प्रकाश ने किया। दल के सदस्य राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सादगी एवं बच्चों के प्रति आत्मीयता के अभिभूत रहे। राष्ट्रपति ने रक्षाबंधन के पर्व पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें राखी बांधकर प्राकृतिक संपदा का संरक्षण करने पर जोर देते हुए भारत की भावी पीढ़ी के आने वाले प्राकृतिक असंतुलन से बचने के लिए गहन पौधरोपण का संकेत दिया।